रकम दोगुना करने का लालच देकर की ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने जालसाजी कर लोगों का धन दोगुना करने का लालच देकर रुपये हड़पने के मामले में वांछित को गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि चौकी प्रभारी कांटे की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने वांछित आरोपी सैयद अली पुत्र आस मोहम्मद निवासी ग्राम राउतपार को मेंहदावल बाईपास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ओरिएंटल इंडिया किसान शक्ति ग्रुप ऑफ कंपनी खोलकर लोगों के रुपये छह वर्षों में दोगुना करने का लालच देकर धोखाधड़ी करते हुए जमाकर्ताओं की रकम लेकर फरार हो गया था। जिसके संबंध में थाने पर केस पंजीकृत किया गया था। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।