संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद व एसओजी संयुक्त पुलिस टीम ने धोखाधड़ी कर दो लाख रुपये हड़पने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 56 हजार रुपये नकद, एक कार और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में एएसपी सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को घटना का अनावरण करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि पीड़ित देवेंद्र कुमार भारती निवासी गोंडा 22 अप्रैल को अपने पुत्र और मित्र के साथ खरीदारी के लिए खलीलाबाद आए थे। नेदुला चौराहे पर एक व्यक्ति ने खुद को स्थानीय बताकर उन्हें बाजार ले जाने का झांसा दिया। वह उन्हें वन विभाग कार्यालय के पास ले गया और बहाने से उनका बैग लेकर फरार हो गया।
बैग में दो लाख रुपये नकद थे। इसी दौरान एक कार में सवार अन्य साथी भी मौके से भाग निकले। मामले में कोतवाली खलीलाबाद में पीड़ित की तहरीर प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। वारदात के अनावरण के लिए कोतवाल जय प्रकाश दूबे व एसओजी प्रभारी अजय कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम को लगाया गया।
पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के बयारा गांव के पास से आरोपी ओंमकार चौधरी उर्फ बब्बू चौधरी निवासी कमोखर थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती, पिंटू निवासी पारा हरगोविंद थाना धनघटा, रामबहादुर शर्मा निवासी दुघरा और रामनयन यादव निवासी गौरापार थाना कोतवाली खलीलाबाद को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ समस्त विधिक कार्रवाई पूरी करके जेल भेजा जा रहा है।
आरोपी ओमकार चौधरी के खिलाफ पहले भी अयोध्या, बस्ती और बलरामपुर में कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में कार्रवाई की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
-
आरोपी ऐसे करते थे वारदात
एएसपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। जो पहले से सूचना जुटाकर लोगों को निशाना बनाता है। गिरोह का मुखिया फोन पर जानकारी देकर वारदात की रूपरेखा तैयार करता है। एक सदस्य पीड़ित को झांसे में लेकर सुनसान स्थान तक ले जाता है। जबकि अन्य साथी कार से पहुंचकर पैसे लेकर फरार हो जाते हैं।