संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने शहर के पुरानी सब्जी मंडी रोड पर स्थित जमीन विवाद के मामले में आईजी के आदेश पर केस दर्ज किया है। आरोप यह है कि विपक्षी कूटरचित दस्तावेज तैयार करके उनको प्रताड़ित कर रहे हैं। इस मामले में चार लोगों पर जालसाजी का केस दर्ज किया गया है।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि विनोद कुमार राय निवासी पुरानी सब्जी मंडी रोड खलीलाबाद ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि वह अपनी पत्नी विद्यारानी राय व चाची इन्द्रावती राय के नाम 5 मई 2008 को कृष्ण कुमार, वंशराज, हंसराज से रजिस्ट्री बैनामा कराये। खारिज दाखिल में सुशील कुमार, प्रवीण कुमार, प्रतीक कुमार, आशा देवी, निवासी गोला बाजार ने उपरोक्त जमीन 5 रुपये के स्टांप पर किशोर कुमार वर्मा निवासी खलीलाबाद के नाम से बिक्री नामा का फर्जी दस्तावेज जमा कर आपत्ति न्यायालय तहसीलदार सदर के यहां डाल दिया।
किशोर कुमार वर्मा ने न्यायालय में उपस्थित होकर बयान दिया और लिख कर दिया कि उपरोक्त बिक्रीनामा दस्तावेज फर्जी है। उन्होंने कोई खरीदारी एवं बिक्री नहीं किया है। न्यायालय ने उनका खारिज दाखिल निरस्त कर दिया। अब विपक्षी दीवानी न्यायालय में बैनामा मंजूरी का वाद दायर किए हैं। विपक्षी सुशील कुमार, पियूष कुमार, प्रवीन कुमार व आशा देवी एक राय होकर उनके बैनामा की जमीन हड़पने के उद्देश्य से कूटरचित दस्तावेज बना कर उनको परेशान कर रहे हैं। कोतवाल ने बताया कि मामले में उक्त आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।