- एएसपी ने पुलिस लाइंस में किया खुलासा,
महुली पुलिस व एसओजी टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र से ट्रैक्टर-टाॅली चोरी करने वाले चार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महुली पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई की है। एएसपी ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइंस सभागार में घटना का खुलासा किया।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि प्रमोद सिंह पुत्र स्व. नरसिंह निवासी ग्राम जोखतापुर ने महुली थाना पर तहरीर दिया कि 18 अगस्त की रात 2 बजे दरवाजे से ट्रैक्टर व टाॅली चोरी हो गया। सूचना के आधार पर महुली थाना पर केस पंजीकृत किया गया था। प्रभारी निरीक्षक महुली रामकृष्ण मिश्र व प्रभारी निरीक्षक एसओजी प्रभारी सर्वेश कुमार राय के अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई थी।
22 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर ग्राम हरपुर के पास से चार आरोपियों को कस्टडी में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नितीश चौधरी पुत्र राधेश्याम चौधरी निवासी ग्राम लोहरडाड़ी थाना महुली, अखिलेश यादव पुत्र सीताराम यादव निवासी ग्राम रानीपुर थाना धनघटा, गुड्डू चौधरी पुत्र रामजीत चौधरी निवासी ग्राम लोहरडाड़ी थाना महुली और निसार शेख पुत्र मोहम्मद सिद्धिक निवासी ग्राम बारीडीहा थाना महुली के रूप में हुआ।
पुलिस ने निशानदेही पर चोरी के एक ट्रैक्टर-टाॅली भी बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन लोगों का एक गैंग है। जो अपने लाभ के लिए एक अन्य मोतीलाल साहनी निवासी मुड़ाडीहा थाना धनघटा के साथ मिलकर 18 अगस्त को रात में ट्रैक्टर व टाॅली चोरी करके छिपा दिए थे। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करके संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा जा रहा है।