मेंहदावल। बीआरसी सभागार में साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण का सोमवार को सीडीओ जयकेश त्रिपाठी और बीएसए अमित कुमार सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, गुणवत्ता, शिक्षकों की सहभागिता का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रशिक्षणार्थियों को गंभीरता व सक्रिय प्रशिक्षण लेने को प्रेरित किया।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से गतिविधियों और शिक्षण विधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों की मजबूत शैक्षिक नींव के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण में मिली जानकारी व गतिविधियों को कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करें।
दोनों अधिकारी प्रशिक्षण हाल में पहुंचे व उपस्थिति पंजिका के अनुरूप हाजिरी दर्ज कर, संदर्भदाता प्रफुल्ल त्रिपाठी से अब तक बताएंगे माड्यूलों के बारे में जानकारी ली। साथ-साथ उन्होंने शिक्षकों के नोटबुक को देखा। कुछ शिक्षकों द्वारा नोटबुक पर कम लिखा देखा नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिक्षकों को बुनियादी लेखन व अभिव्यक्ति लेखन के बारे में बताते हुए कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं के अक्षरों की आकृतियां बनाने के साथ पाठ्य पुस्तकों और व्हाइट बोर्ड को देखकर कॉपी करना बुनियादी लेखन में आता है।
किसी विषय पर अपने विचार लिखना, कहानी पूरा करना, खुले प्रश्नों का जवाब लिखना, अपने मौलिक विचारों या अनुभव को लिखना अभिव्यक्ति लेखन होता है। प्रशिक्षण में जो आप सीख रहे हैं उसे विद्यालय पर बच्चों के बीच जाकर साझा करें, जिससे बच्चे निपुण लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर बीईओ आशीष कुमार सिंह, एआरपी निशांत त्रिपाठी, अनूप कुमार सिंह, सर्वेश त्रिपाठी व उदयशंकर पाठक और प्रशिक्षु शिक्षक अजयनाथ मिश्र, राजकुमार, प्रीति मिश्र समेत कई मौजूद रहे।