संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल के सभासदों के संघर्ष तथा विरोध के बाद आखिर अध्यक्ष तथा सचिव ने नगर पंचायत बोर्ड की बैठक का एजेंडा घोषित किया और 10 जुलाई को नगर पंचायत सभागार में बैठक बोर्ड की बुलाई है। वही बोर्ड की बैठक से एक दिन पूर्व नगर पंचायत सभागार में सभासदों ने बैठक की। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि कल बोर्ड की बैठक काफी हंगामेदार रहेगी।
मंगलवार को सभासद संघ के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान की अध्यक्षता में नगर पंचायत सभागार में सभासदों ने बैठक किया। बैठक में मुख्य रूप से विकास के बिंदु पर जहां चर्चा की वहीं अधिशासी अधिकारी तथा अध्यक्ष द्वारा नगर पंचायत के आय व्यय को सभासदों के संज्ञान में न लाने पर नाराजगी जताई। बैठक में यह निर्णय लिया गया की बैठक के दौरान नगर पंचायत में अब तक किए गए आय व्यय का पूरा ब्योरा सभासदों के समक्ष रखा जाए।
31 मार्च को टैक्सी स्टैंड का ठेका खत्म हो गया। लेकिन अब तक नगर पंचायत प्रशासन द्वारा टैक्सी स्टैंड के नीलामी की प्रक्रिया नहीं पूरी की गई जिससे नगर पंचायत के आय की क्षति हो रही है। बुधवार की बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा करने का निर्णय लिया। सभासद संघ के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान ने बताया कि बोर्ड की बैठक से एक दिन पूर्व कल 20 सभासदों में 18 सभासद बैठक में मौजूद रहे। बोर्ड की बैठक में जो चुने गए वास्तविक सभासद तथा अध्यक्ष वहीं बैठक में मौजूद रहेंगे। किसी का कोई प्रतिनिधि बोर्ड बैठक में कदापि नहीं आने पाएगा।
इस दौरान सभासद संदीप तिवारी, आशीष सिंह, विश्वराज सिंह, सोमनाथ प्रजापति, मनजीत मौर्य, दिनेश, उत्तरा निषाद, शाह आलम, शहाबुद्दीन आदि मौजूद रहे।
0000000000000000000