महुली में दुकान की जांच करती खाद्य टीम-स्रोत खाद्य विभाग
संतकबीरनगर। खाद्य टीम ने बुधवार को महुली, धनघटा आदि जगहों पर छापा मारा। इस दौरान 80 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई। साथ ही पनीर, खोआ और बेसन का नमूना लिया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। टीम की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन सतीश कुमार ने बताया कि होली के दृष्टिगत शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धनघटा तहसील के महुली कस्बा स्थित दीपक स्वीट्स पर छापामारा गया। यहां एक सैंपल खोआ का व एक सैंपल पनीर का लिया गया। प्रतिष्ठान में लगभग 50 किलोग्राम दूषित मिठाई व 30 किलोग्राम दूषित छेना मिठाई मिली, जिससे दुर्गंध आ रही थी। दुकानदार से इस बारे में पूछताछ की गई तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। इस मिठाई को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इस मिठाई की अनुमानित कीमत लगभग 24000 है। फिर टीम धनघटा तहसील स्थित एक निर्माण यूनिट जो बेसन का निर्माण करती थी, पहुंची। यहां से नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल तीन सैंपल संग्रहीत किए गए व साफ-सफाई ठीक न होने पर दीपक स्वीट्स को नोटिस दिया गया। संग्रहीत नमूने को खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल व पुलिस बल मौजूद रहा।