इलेक्ट्रॉनिक चिप के जरिए लखनऊ में पेट्रोल चोरी के खुलासे के बाद शनिवार को डीएम के निर्देश पर कस्बे के पांच पेट्रोल पंपों की जांच की गई। इन स्थानों पर गड़बड़ी तो नहीं पर, जांच के चलते हड़कंप मचा रहा। इसी बीच मुखलिसपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे छात्रों से भरा मैजिक देखकर एसडीएम हैरत में पड़ गए। उन्होंने चालक से वाहन के कागजात कब्जे में लेकर छात्रों को घर पहुंचाने के बाद गाड़ी एआरटीओ कार्यालय ले जाने की हिदायत दी।
एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी एवं डीएसओ रामेेंद्र यादव ने बताया कि एलआरपी रोड खलीलाबाद में स्थित हीरा लाल शिव प्रसाद पेट्रोल पंप की जांच की गई। प्रत्येक डिस्पेंसिंग यूनिट को खुलवा कर देखा गया, जिसमे कोई अवांछित वस्तु नहीं मिली। चार नाजिल की एक डिस्पेसिंग यूनिट पर मशीन खराब मिली। जिसकी शिकायत कंपनी से की गई है। पंप मालिक विजय रुंगटा भी मौजूद रहे। परिसर में साफ- सफाई और पेयजल की व्यवस्था ठीक मिली। मेसर्स हीरालाल शिव प्रसाद मिल रोड के पंप की जांच की गई।
यहां दो नाजिल की एक डिस्पेसिंग यूनिट खराब मिली और इसकी कंपनी से शिकायत भी हुई थी। मेसर्स मोहनराम राम निवास मुखलिसपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप की जांच के दौरान पंप मालिक कैलाश रुंगटा मौजूद रहे। इसी तरह मेसर्स हीरालाल शिव प्रसाद मंझरिया पेट्रोल पंप और भारत पेट्रोलियम मनियरा की भी जांच की गई। जिस चिप की तलाश की जा रही थी, वह नहीं मिली। आगे जांच जारी रहेगा और यदि कहीं कोई गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार, पूर्ति निरीक्षक अश्वनी श्रीवास्तव, राजीव कुमार गुप्त एवं विधिक माप विज्ञान अधिकारी वाट माप एके शर्मा आदि उपस्थित रहे।