संतकबीरनगर। कोरोना संक्रमण अब बूस्टर डोज की दीवार तोड़कर लोगों को संक्रमित कर रहा है। हाल के दिनों में जिले में 12 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। उनमें से नौ लोगों ने वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवा ली थी। चिकित्सक कहते हैं कि कोरोना संक्रमण की इस मजबूती देखते हुए लोगों को अब और सचेत होना होगा। खासकर, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का ध्यान रखना होगा।
बृहस्पतिवार को जिले में तीन महिलाओं समेत पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले। अब तक 12 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि, उनमें से तीन लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या नौ है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देेखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी पर जांच हो रही है।
सेमरियावां के एक गांव निवासी 64 वर्षीय महिला ने सीएचसी सेमरियावां में कोविड जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजीटिव आई। महिला को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। इसी तरह से खलीलाबाद के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। इसी तरह से खलीलाबाद शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली 60 और 26 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली है। इनकी जांच सीएचसी खलीलाबाद में हुई थी। इसी तरह से पौली क्षेत्र के एक गांव के 65 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन सभी को दवाएं देकर घर पर भेज दिया। इसके साथ ही इनके संपर्क में आने वाले परिजनों के भी नमूने लेकर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। इधर जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मिलने सभी अस्पतालों में तेजी के साथ जांच कराने के निर्देश सीएमओ ने दिए हैं।
इधर, लगातार मरीज मिल रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी लोग चेत नहीं रहे हैं। जिला अस्पताल में भी लोग बिना मास्क के पहुंच जा रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में मौजूद डॉक्टर उन्हें मास्क लगाकर आने की सलाह दे रहे हैं।
वैक्सीन लगवाने की वजह से संक्रमित जल्द हो रहे ठीक
अभी तक 12 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। उनमें से नौ लोग कोरोना की बूस्टर डोज लगवा चुके हैं। तीन लोगों ने दोनों डोज लगवाई है। वैक्सीन लगवाने की वजह से इन मरीजों का इम्युनिटी सिस्टम ठीक हुआ है, जिसकी वजह से छह दिन में ही तीन मरीज ठीक हो गए हैं। लोगों को घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। अगर किसी तरह की दिक्कत आ रही है तो कोरोना वे जांच करवा ले, जिससे समय से इलाज किया जा सके।
- डॉ मुबारक अली, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ