सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के मदारपुर धुसुरा गांव के सिवान में गेहूं के डंठल फूंके जाने से आग फैलकर एकाएक बगल के गांव पिपरा हंकार तक पहुंच गई। फिर आग अनुसूचित बस्ती में पहुंचे गई। आग से छप्पर के दस लोगों की झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। झोपड़ियों के साथ ही उसमें रखा अनाज, कपड़ा आदि सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गांव में अफरा-तफरी मच गई।
अपने अपने घरों से बाहर निकल कर लोग मैदान में जुट गए। ग्रामीणों के मुताबिक सूचना तत्काल फायर बिग्रेड को दी गई। लगभग डेढ़ घंटे बाद फायर बिग्रेड का वाहन पहुंचा। तब तक सब कुछ राख हो गया था। फायर ब्रिगेड के लोग आग को पूरी तरह बुझाने में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मदारपुर धुसुरा गांव के सिवान में गेहूं के डंठलों में आग लगी। आग विकराल रूप धारण करते हुए पिपरा हंकार गांव में पहुंच गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते कि आग ने गांव के अनिल, वंशराज, सुनील, भरत प्रसाद, मुनक्का देवी, छांगुर, छोटे लाला के घरों को अपने चपेटे में ले लिया। आग से गांव में चीख-पुकार मच गई। लोग जरूरी सामान लेकर घर से बाहर निकल कर मैदान में पहुंच गए।
घरों से गैस सिलिंडरों को बाहर निकल दिया गया। इस दौरान आग से घरों में रखा अनाज, कपड़ा, चारपाई, बिस्तर, बर्तन समेत अन्य रोजमर्रा की जरूरत के सामान राख हो गए। ग्रामीणों ने काफी समय तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान ग्राम प्रधान सुभाष चंद्र कन्नौजिया व मौके पर एसओ अनिल कुमार दूबे अपने हमराहियों के साथ डटे रहे। वहीं, सूचना पाकर हल्का लेखपाल राजाराम नुकसान की स्थिति का आंकलन किया तथा इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर फौरी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
राजकीय विद्यालय के बगल में लगी आग
मेंहदावल। राजकीय महाविद्यालय बराखाल के बाउंड्रीवाल से सटे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आस-पास के ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, जिसके कारण बड़ा हादसा नहीं हुआ। मेंहदावल नगर पंचायत के बराखाल स्थित राजकीय महाविद्यालय से सटे दिन में करीब 10:30 पर अज्ञात कारणों से खरपतवार में आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से महाविद्यालय की तरफ बढ़ने लगी, जिसकी सूचना लोगों ने थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह को दी। सूचना पाकर हमराही सिपाहियों के साथ मौके पर थानाध्यक्ष पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।