सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के सेमरियावां-टेमा रहमत मार्ग पर स्थित सालेहपुर में बुधवार की शाम करीब छह बजे कंबाइन मशीन की टक्कर से दो बाइक सवार पांच लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंबाइन मशीन चालक तेज रफ्तार से मशीन चला रहा था। सालेहपुर चौराहे के पहले छितौना मोड़ के पास कंबाइन मशीन ने दो बाइक को टक्कर मार दी। एक बाइक पर सवार सालेहपुर के पुरवा कंचनपुर दलित बस्ती निवासी अखिलेश कुमार, अभिषेक कुमार तथा गोलू घायल हो गए।
वहीं दूसरी बाइक सवार बाघनगर निवासी 11 वर्षीय अराधना पुत्री अशोक कुमार का पैर टूट गया। इसके बाद कंबाइन मशीन चालक आगे सालेहपुर चौराहे पर सालेहपुर गांव निवासी मो. आसिफ पुत्र मो.मुकीम 15 साल को चपेट में ले लिया। आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पेट में चोट लगी है तथा हालत गंभीर है।
उसे जिला अस्पताल से मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। घटनास्थल से कंबाइन मशीन चालक कंबाइन मशीन लेकर फरार हो गया। चर्चा है कि कुछ लोगों ने उसको बिगरामीर के निकट पकड़ लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष दुधारा इंद्र भूषण ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आरोपी चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।