- 25 ग्राम पंचायतों में जिलास्तरीय टीम कर रही स्थलीय सत्यापन
- 118 ग्राम पंचायतों ने किया ऑनलाइन आवेदन
सेमरियावां। बेहतर विकास कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए जिले की 118 ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। सर्वाधिक अंक पाने वाली 25 ग्राम पंचायतों का जिला पंचायत राज विभाग की ओर से सत्यापन कराया जा रहा है। पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कार मिलना है।
पंचायती राज व्यवस्था के तहत सभी ग्राम पंचायतों में बेहतर कार्य करने के लिए शासन की ओर से वित्त योजना के तहत धनराशि दी जाती है। शासन से मिली धनराशि से गांवों में नाली, खड़ंजा, इंटरलाॅकिंग, आरसीसी रोड, कूड़ा निस्तारण, साफ-सफाई समेत अन्य विकास कार्य कराए जाते हैं। बेहतर विकास कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन की ओर से मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना लागू की गई है।
इस योजना के तहत अच्छे कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को पुरस्कार देने के लिए जिला पंचायत राज विभाग की ओर से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। आवेदन के लिए एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक का समय निर्धारित किया गया था। जनपद में सेमरियावां, बेलहर कला, मेंहदावल, सांथा, बघौली, खलीलाबाद, नाथनगर, पौली, हैंसर बाजार कुल नौ ब्लाॅक शामिल हैं। इस दौरान कुल 118 ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
आवेदनों का स्थलीय सत्यापन करने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की पांच टीमें गठित की गई हैं। हर टीम दो अधिकारी नामित हुए हैं। इसमें जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ए आर कोआपरेटिव,पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, डीआईओएस शामिल हैं।
चयनित ग्राम पंचायतों के नाम भेज जाएंगे पुरस्कार के लिए
ऑनलाइन मिले आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद पंचायती राज विभाग ने अच्छे अंक प्राप्त करने वाले 25 ग्राम पंचायतों का चयन किया। अब इनके सत्यापन के लिए जिलास्तरीय टीम गठित की गई है। ये टीम इन ग्राम पंचायतों का पूरी बारीकी से सत्यापन करेगी। इन गांवों में कराए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। जिसके बाद चयनित ग्राम पंचायतों के नाम सीएम प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए भेज जाएंगे
पुरस्कार के रूप में 35 लाख तक मिलेंगे
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए जरूरी मानक पूरा करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को शासन स्तर से पुरस्कार मिलेगा। प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम पुरस्कार का निर्धारण राज्यस्तरीय समिति करेगी। प्रथम पुरस्कार के तौर पर 35 लाख, द्वितीय पुरस्कार 30 लाख, तृतीय 20 लाख रुपये, चतुर्थ पुरस्कार 15 लाख रुपये और पंचम पुरस्कार हासिल करने वाली ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपये की धनराशि मिलेगी।
जिले की पांच ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना जाना है। अच्छे अंक पाने वाली 25 ग्राम पंचायतों का चयन कर जिलास्तरीय समिति की ओर से सत्यापन किया जा रहा है। मुख्यालय रिपोर्ट भेजी जाएगी। चयनित पांच ग्राम पंचायतों के प्रधानों को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
- राजेश कुमार, डीपीआरओ