हादसे में पिकअप में लदे पांच पशुओं की मौत, चालक मौके से भागा
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगहर स्थित हनुमान मंदिर से 100 मीटर पूरब अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप में लदे पांच गो वंशीय पशुओं की मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप छोड़ कर चालक भाग गया। सूचना के बाद चौकी मगहर के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए।
प्रभारी चौकी इंचार्ज अभिमन्यु सिंह ने बताया कि शनिवार की भोर में हाइवे स्थित हनुमान मंदिर के पूरब गो वंशीय पशुओं से लदी पिकअप के दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंच गए। बगैर नंबर की पिकअप तीन गाय, दो बैल बंधे हुए थे जो मृत हाल में पाए गए। जबकि पिकअप चालक मौके से भाग गया था। प्रथम दृष्टया जांच में पाया गया कि गो वंशीय पशुओं को वध के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना देकर पशु चिकित्साधिकारी मगहर को बुलाया गया। पशु चिकित्सक ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। उसके बाद मृत पशुओं के शवों को दफन करा दिया गया। इस मामले में अज्ञात पशु तस्करों और चालक के खिलाफ सीएस एक्ट और 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।