गांववालों का कहना है पूर्व प्रधान और अधिवक्ता के बीच विवाद काफी दिनों से चला आ रहा है। इधर, कोटे की दुकान का चयन भी होने वाला था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी।
सोमवार देर शाम तिघरा पुलिया के पास रंजिश में कुछ लोगों ने अधिवक्ता को गोली मार दी। गोली अधिवक्ता के दाहिने हाथ में लगी। आरोप है कि अधिवक्ता के साथी की भी पिटाई की गई। साथ ही आरोपी दस हजार रुपये लूट ले गए। सूचना पर परिजन घायलों को सीएचसी मलौली ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार को पुलिस इस मामले में पूर्व प्रधान समेत छह नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट का केस दर्ज कर जांच में जुट गई।
विज्ञापन
बहराड़ाडी निवासी अधिवक्ता अवधधारी शर्मा का आरोप है कि सोमवार शाम वह खलीलाबाद से अपने साथी गांव निवासी पवन नायक के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास तिघरा पुलिया के करीब पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाकर बैठे कुछ लोग लाठी-डंडों से उनके और साथी के ऊपर हमला कर दिया। उसके बाद हमलावरों ने फायरिंग की। जिससे गोली अधिवक्ता के दाहिने हाथ में लगी। हमलावरों की मार से अधिवक्ता और उसके साथी अचेत होकर गिर गए।
आरोप है कि हमलावर दस हजार रुपये भी लूट ले गए। घटना के बाद हमलावर भाग निकले। सूचना पर परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विज्ञापन
एसओ के डी सिंह ने बताया कि अधिवक्ता ने रंजिश में उसे गोली मारने और साथी की पिटाई कर दस हजार रुपये लूट लेने का आरोप लगाया है। इस मामले में पूर्व प्रधान अमरजीत यादव, सुरेंद्र यादव, महेंद्र यादव, देवेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, राम सुरेश यादव और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट का केस दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।