संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मटिहना मोहल्ले में 22 सितंबर की रात चोर के शोर में हुए फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस अभी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस ने चिकित्सक का बयान दर्ज किया है।इसके बाद भी कोतवाली पुलिस अभी तक मझधार में अटकी हुई है।
शहर के मटिहना मोहल्ला में 22 सितंबर की रात लगभग 10 बजे चोर का शोर होने के बाद मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर की तरफ दौड़ पड़े। मोहल्ले के लोगों ने पास स्थित तालाब को चारों तरफ से घेर लिया। मोहल्ले के लोगों की मानें तो उसी दौरान अलग-अलग स्थान से चार राउंड फायरिंग जैसी आवाज लोगों को सुनाई दी। आवाज के साथ ही मटिहना गांव निवासी सुनील कुमार व ननिहाल में आये विश्नोज को छर्रा लगने का आभास हुआ और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच किसी ने भी फायरिंग करने वाले को नहीं देखा। घटना की जानकारी के बाद कोतवाल पंकज कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मटिहना पहुंचे और लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान दर्ज किया। वहीं उनका इलाज करने वाले चिकित्सक से भी पूछताछ की। घटना के एक सप्ताह बीतने के बाद भी कोतवाली पुलिस अभी इस संबंध में यह नही पता कर सकी कि घटना के समय फायरिंग किया गया था या फायरिंग जैसी आवाज कुछ और ही थी।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में घायल व चिकित्सक से पूछताछ किया गया है। मोहल्ले के लोगों से भी मामले की जानकारी ली गई है। पूछताछ में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वहां पर फायरिंग किया गया अथवा नहीं। जल्द ही इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।