संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव में लक्ष्मी माता की मूर्ति के पास भजन-कीर्तन कर रही महिलाओं के बीच पटाखा फेंकने का विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के चार लोगों ने महिलाओं के साथ गालियां देते हुए लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक रिश्तेदार को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी मीरा ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि आठ नवंबर की रात करीब 11:00 बजे वह गांव की अन्य महिलाओं के साथ लक्ष्मी माता की मूर्ति के पास भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी दौरान गांव के जनक, टिंकू, लवकुश और रवि लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर पहुंचे।
आरोप है कि सभी महिलाओं के बीच पटाखे जलाकर फेंकने लगे। अनहोनी की आशंका जताते हुए जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी गालियां देने लगे और उन्हें घसीटकर लात-घूसों से पीटने लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके रिश्तेदार शिवम निवासी बनहैती को भी आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एसओ ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नौ नवंबर को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव को सौंपी गई है।