- मगहर रेलवे स्टेशन के पास देर रात की घटना
- खलीलाबाद स्टेशन व आउटर पर कुछ समय के लिए रुकी ट्रेनें
- फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
संतकबीरनगर। मगहर रेलवे स्टेशन के पास लाइन के निकट देर रात झाड़ियों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन मास्टर ने मामले की सूचना आरपीएफ को दी। मगहर चौकी पुलिस को तत्काल सूचित किया गया। पुलिस की सूचना के बाद फायर सर्विस की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
मगहर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार रात 10.30 बजे झाड़ियों में किसी ने आग लगा दी। रेलवे प्रशासन के मुताबिक रेलवे पटरी वहां से दूर थी, फिर भी एहतियातन मामले की जानकारी स्टेशन अधीक्षक ने रेलवे पुलिस को दिया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दिया गया। सूचना के बाद फायर टेंडर भी मौके पर पहुंच गया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि रेल प्रशासन किसी भी ट्रेन को रोकने की पुष्टि नहीं कर रहा है। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खलीलाबाद स्टेशन व आउटर पर कुछ ट्रेनों को किसी भी अप्रिय परिस्थिति से बचने के लिए कुछ समय के लिए रोक लिया गया था। आग बुझने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
रेल लाइन से थोड़ी दूर पर आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद मगहर चौकी को मामले की जानकारी दी गई। इससे ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
- एसके शर्मा, चौकी प्रभारी आरपीएफ