संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने युवक पर अभद्र टिप्पणी करने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
पीड़िता ने थाना खलीलाबाद में दी गई तहरीर में जानकारी दी कि वह घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के सचिन ने उसके प्रति आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कीं। युवती ने इसकी जानकारी मां को दी। आरोप है कि जब उसकी मां युवक के घर शिकायत करने पहुंचीं तो सचिन ने उसकी मां, बहन और उससे गाली-गलौज शुरू कर दी।
युवक के परिवार के अन्य सदस्य भी उसके बचाव में आ गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि उसके घर में उस समय कोई पुरुष नहीं था, इस पर आरोपी ने घर में घुसकर मारपीट करने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कोतवाल जयप्रकाश दूबे का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच व आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।