संतकबीरनगर। बेलहरकलां थाना क्षेत्र के अकोलहिया गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस ने तहरीर मिलने पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
बालेपार गांव निवासी सुमित्रा ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दिया कि उनका पुत्र रंजीत पांच अगस्त को अपनी बाइक से दोस्त आशीष निवासी बालेपार को पीछे बैठाकर राजघाट जा रहा था। दोपहर करीब तीन बजे दोनों अकोलहिया गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे वाहन के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से रंजीत और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रंजीत को जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रंजीत भी मृत घोषित कर दिया। एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के विवेचक उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव बनाए गए हैं।