संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के साड़ेकला में रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, साड़े खुर्द गांव निवासी रामललित की पत्नी कुमारी ने जानकारी दी कि 19 अक्तूबर की सुबह करीब नौ बजे उनके पति आटा लेने साइकिल से साड़े खुर्द से साड़ेकला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान परतावल से मेंहदावल की ओर जा रही परिवहन निगम की बस ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। आरोप है कि बस तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी।
हादसे में रामललित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर कर दिया।