मेंहदावल। नगर पंचायत के बहबोलिया मोहल्ले में दो पक्षों में शुक्रवार को मारपीट की घटना हुई। इस मामले में पुलिस ने घायल युवक की तहरीर पर नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। गंभीर रूप से घायल एक युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया था, जहां से उसे गोरखपुर भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर है उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव निवासी सुग्रीव पुत्र रामसुभग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 अप्रैल को दोपहर करीब एक बजे अपने चचेरे भाई विकास के साथ घर में लड़की की शादी होने के कारण खरीदारी के लिए मेंहदावल आए थे। जहां पुरानी रंजिश को लेकर गांव के प्रहलाद, कमलेश, संजय, श्रीकेश, श्याम मोहन, संतोष, विरेन्द्र आदि ने हमला कर दिया। प्रहलाद ने लोहे के सरिये से चचेरे भाई आकाश को इस कदर मारा कि उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गया।
वहीं सुधा पत्नी प्रहलाद, गुड़िया पत्नी श्रीकेश हमारे घर पर चढ़कर ईंट पत्थर फेंकने लगे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।