मेंहदावल। नगर पंचायत में अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित हो रहे हैं। ऑटो चालक अपनी मर्जी से स्टैंड बना ले रहे हैं और लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं। अवैध टैक्सी स्टैंड के कारण अक्सर सड़क जाम की समस्या लोगों को झेलनी पड़ रही है, जबकि अवैध टैक्सी स्टैंड के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश पूर्व में दिया गया है।
मेंहदावल नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से तीन अवैध टैक्सी स्टैंड नगर वासियों के लिए समस्या बन गए हैं। वैसे तो अभिलेख में तीन टैक्सी स्टैंड दर्ज हैं। इसमें मेंहदावल बस स्टैंड के सामने स्थित मेंहदावल खलीलाबाद मार्ग पर स्थित टैक्सी स्टैंड, पेट्रोल पंप तिराहे पर स्थित मेंहदावल बस्ती मार्ग पर स्थित टैक्सी स्टैंड एवं मेहदावल करमैनी घाट मार्ग के पुरवा वार्ड में स्थित टैक्सी स्टैंड वैध है। इन तीन टैक्सी स्टैंड के अतिरिक्त नगर में तीन अवैध टैक्सी स्टैंड हैं। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिराहे पर स्थित अवैध टैक्सी स्टैंड अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
सड़क की दोनों पटरी पर ऑटो तथा टैक्सी खड़ा होने के कारण प्रतिदिन सड़क जाम की समस्या खड़ी हो रही है। कई बार इस स्टैंड पर विवाद भी हो चुका है। आए दिन आए दिन लगने वाले सड़क जाम से स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। यही हाल टडवरिया चौराहे का है। यह चौराहा भी टैक्सी स्टैंड में तब्दील हो गया है यहां से बौर व्यास के लिए टैक्सी आटो संचालित हो रहे हैं। इसके कारण अक्सर यह चौराहा सड़क जाम की समस्या से घिरा रहता है। सड़क जाम के कारण आए दिन विवाद भी होते हैं, जबकि तीसरा टैक्सी स्टैंड कस्बे में स्थित शीतला माता मंदिर के पास है जहां से टैक्सी वह ऑटो चालक सिसौला धानी तक का सवारी बैठाते हैं।
इस मार्ग पर चार पहिया वाहन भी जाने से कतराते हैं। सड़क पर ही टैक्सी लगाकर लोग सवारी भरते हैं और जब कोई आपत्ति करता है तो ऑटो टैक्सी चालक विवाद पर उतर आते हैं। अक्सर यह चौराहा भी सड़क जाम की समस्या झेलता है। लेकिन इन अवैध टैक्सी स्टैंड के विरुद्ध तहसील व पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
कस्बा निवासी विनोद कुमार रामकेश हरिशंकर अब्दुल कयूम आदि का कहना है कि अवैध टैक्सी स्टैंड के कारण सड़क जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक व कर्मचारी भी मुख्य गेट पर अवैध टैक्सी स्टैंड को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि अस्पताल के मुख्य गेट पर टैक्सी स्टैंड होने के कारण आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ईओ पंकज कुमार का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में तीन स्टैंड ही वैध है। रोडवेज गेट पर खलीलाबाद मार्ग, नंदौर मार्ग व पुरवा में करमैनी टैक्सी स्टैंड ही अभिलेख में अंकित हैं। अन्य जो भी टैक्सी स्टैंड नगर क्षेत्र में संचालित हैं वह सभी अवैध हैं। इसकी सूचना पूर्व में तहसील प्रशासन को दी जा चुकी है। कार्रवाई वहीं से लंबित है।