संतकबीरनगर। महिला थाने की पुलिस को तहरीर देकर एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में तहरीर उसके पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ महिला थाना पूनम मौर्या ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता नीलम ने जानकारी दी कि उसकी शादी 19 मई 2016 को शिवकुमार निवासी चकिया थाना धनघटा से हुई। करीब छह माह बीतने के बाद पति शिवकुमार, ससुर नीठुर, सास मीरा, देवर प्रेम कुमार व राजकुमार कम दहेज का ताना देकर दो लाख रुपये लाने के लिए दबाव बनाने लगे। उसने अपने पिता की गरीबी का वास्ता देकर रुपये देने में असमर्थता व्यक्त की।
विज्ञापन
इसके बाद ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने मायके सूचना दी तो पिता अन्य रिश्तेदारों के साथ आकर बातचीत की। इसके बाद घर में रखने के लिए ससुराली राजी हुए। इसके बाद वह कई बार ससुराल आई गई, लेकिन ससुरालियों के व्यवहार में परिवर्तन नहीं आया और उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने के साथ ही जान से मारने का भी प्रयास किया गया। पिता के फोन करने पर पुलिस ने आकर उसकी जान बचाई।
नौ नवंबर 2025 को ससुराली उसे मारपीटकर सारा स्त्री धन छीनकर मायके सीवान छोड़कर चले गए। एसओ ने बताया कि मामले में उक्त ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।