संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में बारावफात के मौके पर निर्धारित मानकों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाना तीन संचालकों को भारी पड़ गया। पुलिस की चेतावनी के बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं करने पर बखिरा पुलिस ने तीनों के खिलाफ बुधवार की देर रात प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की।
पुलिस ने तीन वाहनों को डीजे उपकरणों समेत कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कराया है। पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को बारावफात को लेकर नंदौर चौराहे पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान तीन डीजे संचालक तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाते मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवाज कम करने और बंद करने के निर्देश दिए लेकिन डीजे उसी आवाज में बजता रहा। आसपास के लोगों ने भी तेज आवाज से परेशानी की बात बताई।
जांच के दौरान डीजे संचालकों के पास ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने की कोई वैध अनुमति भी नहीं मिली। पुलिस ने मौके की फोटो और वीडियो तैयार की। कार्रवाई के दौरान तीन वाहनों से साउंड बॉक्स, एम्पलीफायर, ट्वीटर, लाइट, जनरेटर समेत अन्य डीजे उपकरण जब्त कर लिए गए।
पुलिस ने डीजे संचालक छोटू कनौजिया निवासी घोड़ा गली, मेंहदावल, सुजीत कुमार निवासी गोपालपुर तथा राहुल राजभर निवासी ददरा, मेंहदावल के खिलाफ कार्रवाई की है। एसओ उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने तीनों वाहनों को डीजे उपकरणों सहित थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।