संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसे लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भाई की कलाई पर प्रेम और विश्वास का धागा बांधने के लिए बहनें उत्साह के साथ राखियों की खरीदारी में जुटी हैं। खलीलाबाद के गोला बाजार, बरदहिया, मोती चौराहा समेत अन्य प्रमुख बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही और देर शाम तक राखी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ दिखाई दी।
रक्षाबंधन को लेकर बाजार में इस बार विभिन्न डिजाइन और रंगों की राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों के लिए कार्टून और विभिन्न आकृतियों वाली राखियों के साथ युवाओं और बड़ों के लिए आकर्षक धागों, मोतियों, स्टोन और कड़े वाली राखियां उपलब्ध हैं। बहनें भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए राखियों का चयन करती नजर आईं।
दूर-दराज से खरीदारी करने पहुंचीं बहनें : धनघटा, महुली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां खलीलाबाद में राखी खरीदने पहुंचीं। दुकानदारों के अनुसार पर्व नजदीक आते ही राखियों की बिक्री में तेजी आई है। कई बहनों ने भाइयों के लिए राखियों के साथ मिठाई और उपहार भी खरीदे। बाजार में राखियों के अलावा मिठाई, कपड़े और उपहार की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। शाम के समय बाजारों में विशेष रूप से भीड़ देखने को मिल रही है।
भाई की कलाई सजाने का इंतजार : रक्षाबंधन को लेकर बहनों में खासा उत्साह है। कई बहनें भाइयों के लिए पसंदीदा राखियां पहले ही खरीद रही हैं, जबकि दूर रहने वाले भाइयों के लिए डाक और कूरियर से राखियां भेज चुकी हैं। बहनों का कहना है कि रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह और रिश्ते को मजबूत करने वाला विशेष अवसर है। यही वजह है कि उन्हें इस पर्व का पूरे वर्ष इंतजार रहता है। बाजारों में बढ़ी रौनक से दुकानदार भी उत्साहित हैं।