संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र मेंं शुक्रवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दूधारा थाना क्षेत्र के पिपरा हंकार निवासी नजरुल हसन अपनी बाइक से अपनी भांजियां साकिरुन खातून, जासमीन खातून और महजबीन को लेकर खेसरहा की ओर से लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे बखिरा थाना क्षेत्र के नेतारी गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार महजबीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नजरुल हसन, साकिरुन खातून और जासमीन खातून गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक का चालक भी दुर्घटना में घायल हो गया, जिसका इलाज सीएचसी खेसरहा में चल रहा है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसओ उमाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।