रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के चौरा कला गांव में सर्पदंश से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, चौरा कला निवासी राजेंद्र प्रसाद का बड़ा पुत्र सत्यम (11) शनिवार की रात भोजन करने के बाद रोज की तरह घर में सो गया। देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों को पहले बीमारी का अंदेशा हुआ लेकिन रविवार सुबह हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया।
सीएचसी मलौली में चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि बालक को किसी विषैले सर्प ने डंस लिया था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों की सूचना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सत्यम दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई सक्ष्यम और चार वर्षीय बहन साक्षी को अभी तक बड़े भाई के हमेशा के लिए बिछड़ जाने का एहसास नहीं है।
बहन बार-बार भाई को खोज रही है, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन ने बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। संवाद