बिना हेलमेट के तीन सवारी बेधड़क जा रहे लोग-संवाद
संतकबीरनगर। जुर्माना और चालान के बाद भी यातायात नियम की लोगों को परवाह नहीं है। आए दिन हादसों मेंं जान गंवाने के बाइ भी लोग चेत नहीं रहे हैं। आंकड़े बता रहे हैं कि 13 महीने में 64 हजार 844 लोगों ने यातायात के नियमों को तोड़ा है। इन पर 8,83,92,450 रुपये का जुर्माना भी लगा है। इनमें 12,506 वाहन चालकों ने 1,14,07,250 रुपये सरकारी कोष में जमा भी कर दिए हैं। सड़क पर वाहन लेकर चलने के दौरान लोग यातायात नियम का अनदेखा कर देते हैं। जुर्माना की कार्रवाई के बाद भी लोग यातायात नियम का पालन नहीं करते हैं। यातायात विभाग के अनुसार, 13 माह में 64 हजार 844 लोगों को यातायात नियम का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इन वाहन स्वामियों पर यातायात पुलिस ने 8,83,92,450 रुपये का जुर्माना लगाया। इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह 1 से 31 जनवरी तक के बीच में भी लोगों को यातायात नियम के प्रति जागरूक करने के साथ ही लगभग 3822 वाहनों का यातायात नियम का उल्लंघन करने के मामले में चालान हुआ। पुलिस की तरफ से 55,82,350 रुपये का जुर्माना लगा गया। जबकि 1275 वाहन चालकों ने 11,89,850 रुपये जमा कर दिया है।
ब्लैक स्पॉट बना रामजानकी मार्ग, सबसे ज्यादा हादसे
जिले में सबसे ज्यादा हादसे रामजानकी मार्ग पर हुए हैं। 24 जनवरी को धौरहरा निवासी 24 वर्ष रामअवतार बाइक से घर जा रहे थे। रामजानकी मार्ग के निहैला के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह से पांच जनवरी को रामजानकी मार्ग स्थित खेवसिया के पास दो बाइक की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई थी। डेढ़ माह पहले निहैला के पास हादसे में युवक की मौत हो गई थी। इसी तरह से 14 नवंबर को धनघटा थाना क्षेत्र के निहैला गांव निवासी प्रदुम (34) और श्रवण (24) एक बाइक पर सवार होकर शनिचरा बाजार से घर लौट रहे थे। गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने चपेट में ले लिया। प्रदुम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और श्रवण ने 7 दिन बाद 21 नवंबर को अस्पताल में दम तोड़ दिया था। 16 नवंबर को मठिया का निवासी धर्मेंद्र अपनी पत्नी 40 वर्षीय संगीता के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। परसा गांव के समीप पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। सड़क पर गिरी संगीता के सिर में गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई। 18 नवंबर को सिकरीगंज गोरखपुर थाना क्षेत्र के रौहारी गांव निवासी विनोद (23) और दीपक (20) दोनों सगे भाई धनघटा थाना क्षेत्र के बंतवार गांव निवासी विश्वनाथ के घर आई बारात में शामिल होने के बाद बाइक से लौट रहे थे। बसवारी गांव के समीप सामने से आई बोलेरो ने उन्हें चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही दोनों भाइयों की जान चली गई।
-उल्लंघन चालान
-हेलमेट का प्रयोग न करना 39622
-सीट बेल्ट का प्रयोग न करना 1937
- मोबाइल फोन का प्रयोग 220
-एकल दिशा मार्ग का उल्लंघन 4190
- नशे की हालत में वाहन चलाना 41
- ओवरस्पीड 83
- ट्रिपल राइडिंग 4556
- गलत पार्किंग 11334
-
जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जो भी वाहन चालक नियम विरुद्ध ढंग से वाहन चलाते हुए मिलते हैं। उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। -प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ यातायात
बिना हेलमेट के तीन सवारी बेधड़क जा रहे लोग-संवाद