संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को मिशन शक्ति, महिला विकास प्रकोष्ठ एवं प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में कौशल विकास की ओर से आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक स्वावलंबन विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला सेवा योजन अधिकारी माधवी उपाध्याय ने कहा कि सम्मान पूर्वक जीवन यापन के लिए आर्थिक स्वावलंबन सबसे अधिक आवश्यक है।
आज 21वीं सदी में आत्मनिर्भर होना ज्यादा आसान है। आज के युवाओं से यह अपेक्षा है कि वे पारंपरिक शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ कौशल विकास के लिए भी प्रयास करे, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति कौशल विकास को अधिक महत्त्व दे रही है और महाविद्यालय विभिन्न व्यावसायिक कोर्स के माध्यम से इसके लिए प्रयासरत है।
महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मिश्र ने कहा कि आज सूचना तकनीकी एवं सोशल मीडिया ने हमारे लिए अवसरों के भंडार खोल दिए हैं। हम घर बैठकर दुनिया के किसी भी देश में उपलब्ध अवसर का लाभ ले सकते हैं। हमें अपनी पढ़ाई के साथ-साथ कम से कम एक दक्षता अवश्य सीखनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. माला सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नेहा सिंह ने किया। कार्यक्रम में दीप्शी सिंह, डॉ. राजकुमारी ओझा, डॉ. आशा मिश्रा, डॉ. शिल्पी सिंह, दर्शना शाही, कंचनलता पांडेय, प्रेमलता मौजूद रही।