बैठक में मोबाइल की घंटी बजने पर चले लात-घूंसे
पार्टी प्रत्याशी को जनता में अपनी पैठ होने का एहसास कराने के लिए युवा नेता ने घर पर बुलाई थी बैठक
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल के एक मोहल्ले में बुधवार की देर शाम एक दल से जुड़े युवा नेता के घर पार्टी के प्रत्याशी की मौजूदगी में चल रही बैठक में मोबाइल की घंटी बजने पर बवाल हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे और कुर्सियां चलीं। घटना में पांच-छह लोगों को चोटें भी आईं। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। इसको लेकर उस युवा नेता की खूब किरकिरी हो रही है।
मेंहदावल तहसील के समीप एक मोहल्ले के रहने वाले एक पार्टी से जुड़े युवा नेता अपने दल के प्रत्याशी को आम लोगों में अपनी पैठ दिखाने के लिए घर बुलाए। भीड़ जुटी थी, जो बैठक में तब्दील हो गई। उसी दौरान एक युवक के मोबाइल की घंटी बजने लगी तो युवा नेता के रिश्तेदार ने अपशब्द कहकर मोबाइल बंद कराना चाहा। उसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। मामला बढ़ता गया और लात-घूंसे चलने लगे। यहां तक कि कुर्सियां एक-दूसरे के ऊपर लोग फेंके। इससे कई कुर्सियां भी टूट र्गइं। मारपीट होते देखकर बैठक में मौजूद प्रत्याशी मौके से सरक लिए। बैठक में मौजूद कुछ लोगों का कहना हैं कि मारपीट में पांच-छह लोगों को चोर्टें आइं। प्रत्याशी ने युवा नेता और उनके रिश्तेदार पर नाराजगी जताई। इस मामले में एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में सोशल मीडिया के माध्यम से आया जरूर है, लेकिन किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।