नौतनवा। तहसील परिसर में बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, जब प्रेम-प्रसंग के मामले में मारपीट हो गई। दोनों परिवारों के बीच सहमति न बन पाने पर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया।
किसी तरह मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने गंतव्य को लौट गए।
जानकारी के मुताबिक, सोनौली थाना क्षेत्र के एक वार्ड निवासी हिंदू धर्म से जुड़ी युवती और एक अन्य धर्म से जुड़े युवक के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया था। बताया जा रहा है कि चार दिनों तक मान-मनौव्वल के बावजूद अपनी ही जिद पर अड़े प्रेमी-प्रेमिका के आगे परिजन मजबूर हो गए।
युवक शादी के बाद अपना धर्म तक बदलने की बात कहने लगा। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग बुधवार को समझौता पत्र बनवाने के लिए नौतनवा तहसील पहुंचे। यहां युवती के पिता ने भविष्य में बेटी से कोई वास्ता और सरोकार न रखने की बात कहते हुए एक समझौता पत्र बनवाया।
बताया जा रहा है कि उक्त समझौता पत्र पर हस्ताक्षर न बनाने की बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी होने लगी, थोड़ी ही देर में दोनों हाथापाई पर भी उतर आए, जिससे तहसील का माहौल बिगड़ गया और अफरा-तफरी मच गई।
बाद में लोगों के समझाने-बुझाने के बाद विवाद शांत हुआ। दोनों पक्ष तहसील परिसर से एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देते हुए अपने घर के लिए लौट गए।