तौल न होने से कुशहवा मे ंपड़ा गन्ना-संवाद
महुली। मुंडेरवा चीनी मिल के क्रय केंद्र कुशहवा बाजार में वाहन के अभाव में पांच दिनों से तौल नहीं हो रही है। इससे नाराज किसानों ने शनिवार को कुशहवा गन्ना क्रय केंद्र पर प्रदर्शन किया और गन्ने को तत्काल मिल पर भेजने की मांग की।
गन्ना किसान ग्राम झिंगुरापार विजय चौधरी, चंद्रभान चौधरी, मिठाई लाल, चंद्रशेखर यादव, विजय चौधरी, पिंटू यादव, धायपोखर निवासी वशिष्ठ पांडेय, प्रभुनाथ, यमुना, सिंहापुर निवासी ब्रह्मदेव चौधरी, राजाराम आदि का कहना था कि गन्ना तौल केंद्र पर वाहन और श्रमिक की भारी कमी है। मिल प्रबंधन इसकी व्यवस्था नहीं कर रहा है। इससे केंद्र पर अव्यवस्था हो गई है। कड़ाके की ठंड में पांच दिनों से किसान गन्ना लेकर पूरी रात लेकर परेशान हो रहे हैं। केंद्र पर अलाव की भी व्यवस्था नहीं की गई है।
शिकायत के बाद भी मिल प्रबंधन कोई व्यवस्था नहीं कर रहा है। किसानों ने बताया कि इस केंद्र पर सिर्फ तीन मजदूर ही तैनात किए गए हैं। जबकि 6 लेबर होने चाहिए। दिन में कम से कम चार वाहन ढुलाई के लिए होने चाहिए। लेकिन, कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। प्रतिदिन करीब दो क्विंटल गन्ना सूख रहा है। इससे किसानों का भारी नुकसान हो रहा है।
नाराज किसानों ने कहा अगर जल्द ही गन्ना तौल भी किया गया तो चक्का जाम करके विरोध प्रदर्शन करना हमारी मजबूरी होगी। तौल केंद्र प्रभारी प्रहलाद यादव ने बताया कि मजदूर न होने के चलते यह समस्या आ रही है। सिर्फ तीन ही मजदूर हैं। इसकी व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
तौल न होने से कुशहवा मे ंपड़ा गन्ना-संवाद