गन्ना तौल न होने से परेशान किसानों ने किया प्रदर्शन
धनघटा। गन्ना तौल केंद्र कुशहवा नाथनगर द्वितीय पर शनिवार को तौल प्रक्रिया शुरू न होने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने तौल केंद्र प्रभारी पर धनउगाही का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि अगर अतिशीघ्र तौल शुरू नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य चीनी एवं गन्ना विकास लिमिटेड मुंडेरवा की ओर से नाथनगर द्वितीय के नाम से कुशहवा में तौल केंद्र स्थापित किया गया है। मिल की ओर से चिह्नित किसानों को पर्ची जारी कर निर्धारित अवधि के अंदर तौल कराने की बात कही गई है। क्षेत्र के बारीडीहा, शेरपुर, झिगुरापार, भगौतीपुर, बैरागीपुर आदि के किसान वीरेंद्र उपाध्याय, राम अनुज, प्रवीण कुमार, विनोद, रमेश चंद्र, रामशंकर, इंद्रजीत चौधरी, मिठाई लाल, चंद्रशेखर, सिकंदर ट्रैक्टर-ट्राली पर गन्ना लेकर एक सप्ताह से डटे हैं। कर्मचारी तौल के नाम पर बहानाबाजी करते रहे। शनिवार को आजिज आकर किसान भड़क गए और केंद्र पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि एक सप्ताह से वे परेशान हैं, लेकिन तौल शुरू नहीं कराई गई। इससे प्रतिदिन पचास किलो वजन कम हो रहा है। किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारी गन्ना उतारने के नाम पर डेढ़ सौ रुपये प्रति ट्राली की मांग कर रहे हैं। निर्धारित अवधि में तौल नहीं होने पर पर्ची कालातीत हो जाएगी। किसानों ने बताया कि मिल के गन्ना अधिकारी और नोडल से शिकायत की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। तौल केंद्र प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र पर नेटवर्क न होने के कारण कुछ समस्याएं आ रही हैं। गन्ना लोड करने वाले लेबर चले गए हैं। इससे परेशानी और बढ़ गई है। फिर गन्ना तौल का कार्य कराया जाएगा।