संतकबीरनगर। खलीलाबाद में ट्रेन से कटकर जान देने वाले युवक और युवती के परिजन उनकी शादी के लिए तैयार थे। परिजन इसके लिए समय मांग रहे थे लेकिन प्रेमी युगल तत्काल शादी करना चाहते थे। इसी बात पर परिजन तैयार नहीं हुए तो दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
गोरखपुर के अर्जुन साहनी और बखिरा की लक्ष्मीना की मौत के बाद अब दोनों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों के परिजन समय को कोस रहे हैं। वह दोनों की शादी के लिए तैयार थे। शादी को अच्छे से करने के लिए वह समय मांग रहे थे लेकिन अर्जुन और लक्ष्मीना जल्दी शादी करना चाहते थे। इसी बात पर सहमति नहीं बनी तो दोनों ने ट्रेन से कटकर जान दे दी।
लक्ष्मीना की मां संभा ने बताया कि हमारी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए शादी के लिए दोनों से समय मांग रहे थे, जिससे शादी अच्छे से हो जाए लेकिन उन्होंने मारी बात नहीं मानी। दोनों के इस प्रकार के कदम से हम लोग काफी दुखी हैं।
बता दें कि कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के सरैया के पास शुक्रवार रात एक दोनों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। ट्रैकमैन अभय कुमार यादव और हनुमंत कुमार यादव के मुताबिक रात करीब 8:15 बजे उन्होंने एक युवक और एक युवती को अपलाइन के बीच गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा।
घटना की सूचना पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पहले युवती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद दूसरी एंबुलेंस से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।