संतकबीरनगर। जिले में गिरते भू-जलस्तर के कारण लोग पानी के लिए परेशान हैं। शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में जलस्तर गिरने के कारण घरों में लगे मोटर और हैंडपंप मुश्किल से पानी दे रहे हैं। वहीं इन स्थितियों के मद्देनजर लघु सिंचाई विभाग ने भी औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आरओ प्लांट के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है।
शहर के दो मोहल्लों में जलस्तर गिरने की सूचना है। यहां घरों में लगे मोटर से पानी काफी मुश्किल से निकल रहा है, हालांकि, शहर में पानी की सप्लाई के चलते लोगों को राहत है। शहर के नेदुला व सरौली में दिक्कत है। सरौली के कृष्णमोहन, संदीप का कहना है कि कई घरों में पानी का संकट है।
जलस्तर नीचे जाने से घरों में लगे पानी के मोटर व नल पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। यही हाल नेदुला का भी है। वहीं खलीलाबाद ब्लॉक के ग्राम पंचायत मोहनबरा, बयारा व अशरफाबाद तथा चकदही में जलस्तर नीचे चले जाने से घरों में लगे हैंडपप और नल पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। इससे पेयजल और दैनिक उपयोग के लिए पानी की समस्या होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में देरी के कारण यह स्थिति हो रही है। उनका कहना है कि 80 फीट से नीचे के हैंडपंप पानी बड़ी मुश्किल से दे रहे हैं। निजी बोरिंग भी जलस्तर नीचे चले जाने के कारण पर्याप्त पानी नहीं दे पा रही हैं, जिससे परेशानी बढ़ गई है।
बयारा के संगम चौहान, हरिओम, विजय बहादुर, सुरेश गौड़, आनंद गौड़, दीनानाथ, पंकज, आलोक सिंह, प्रमिला देवी, शकुंतला, मन्ना देवी, शांति देवी,ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सरकारी ट्यूबवेल से लगातार सिंचाई की जा रही है, वहां आसपास के घरों में लगे नल और हैंडपंपों का जलस्तर भी प्रभावित हो रहा है। परिणामस्वरूप कई घरों में पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया है। वहीं जिन गांवों में सरकारी ट्यूबवेल की सुविधा नहीं है, वहां किसान सिंचाई के लिए काफी मशक्कत कर रहे हैं, लेकिन जलस्तर कम होने के कारण बोरिंग भी जवाब दे रही हैं।
मोहनबरा के प्रेमशील, सुलाभी, राजमती, पूनम, गायत्री, मीना, मीरा, मालती, प्रभावती, मंजू ऊषा, शुभावती,सरोज, सुशीला आदि ने प्रशासन से मांग की है कि पेयजल संकट से निपटने के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था की जाए। किसानों को सिंचाई के वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि धान की रोपाई समय पर हो सके और ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके।