-डीएम और एसपी ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन, जागरूक करने के दिए निर्देश
-नवजात शिशुओं को अन्नप्रासन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार को सशक्त नारी-समृद्ध प्रदेश थीम पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें सरकारी विभागों, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों एवं प्रगतिशील कृषकों द्वारा योजनाओें, सेवाओं एवं उत्पादों से संबंधित जानकारी दी गई।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्ता, सीडीओ संत कुमार ने स्टालों पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। डीएम ने प्रदर्शनी में लगाए गए उत्पादों, योजनाओं एवं इस संबंध में आम जनमानस को प्रेरित एवं जागरूक किए जाने के संबंध में संबंधित विभाग की कार्य योजना आदि के विषय में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें मार्ग दर्शन एवं सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य उत्पादों व योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उत्पादों की उपयोगिता से आम जनमानस को परिचित कराना एवं उत्पादों की ब्रांड वैल्यू बढ़ाना है।
डीएम ने जनपद की महिलाओं, बेटियों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वावलंबन की दिशा में सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाए जाते रहने के निर्देश दिए।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने महिला सुरक्षा जागरूकता के संबंध में लगाई गई प्रदर्शनी के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए महिला सुरक्षा, महिला कल्याण सहित सरकार द्वारा चलाई जा रही समस्त सुविधाओं के बारे में प्रचार-प्रसार एवं प्रदर्शनी में आने वाली महिलाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नवजात शिशुओं को अन्नप्रासन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई तथा पुष्टाहार किट भेंट की गई।
इस दौरान सीओ दीपांशी राठौर, डीसीएनआरएलएम जीशान रिजवी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका यादव, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजयश्री आदि उपस्थित रहे।