जम्मू कश्मीर के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादियों के हमले में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में शनिवार को पूर्व सैनिकों ने शहीद सम्मान रैली निकाली। यह रैली खलीलाबाद के शुगर मिल चौराहे से शुरू हुई और बैंक चौराहा, गोलाबाजार, मुखलिसपुर चौराहा, समय माता मंदिर होते हुए मेंहदावल बाईपास चौक पर पहुंची, जहां शोक सभा हुई। शोक सभा में वक्ताओं ने एक स्वर से कहा कि अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का समय आ गया है।
पूर्व सैनिक सेवा समिति के आह्वान पर शनिवार को जिलाध्यक्ष यदुनंदन मिश्र के नेतृत्व में लोग 18 शहीद सैनिकों की आत्मा की शांति, सम्मान और देश के प्रति जन जागरण के लिए सम्मान रैली निकाली। मेंहदावल बाईपास पर हुई शोक सभा में उन्होंने कहा कि सैनिकों पर सोते समय पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादियों ने हमला कर कायराना हरकत की है। ऐसे में अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को सबक सिखाया जाए। इस दौरान लोगों ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली में जगत नरायन सिंह, राजधारी यादव, कपिल देव तिवारी, विजेंद्र कुमार, सुरेंद्र्र कुमार, राधेश्याम राय, दिलीप कन्नौजिया, जितेंद्र बहादुर सिंह, चंद्रभान भारती, विद्यावती देवी आदि लोग उपस्थित रहे।