संतकबीरनगर। भारत आस्था और श्रद्धा की भूमि है। यहां अनगिनत मंदिर हैं, जिनकी महिमा दुनिया भर में प्रसिद्ध है। इसी तरह से खलीलाबाद शहर के छोटी सरौली में वैष्णो काली दरबार के नाम से प्रसिद्ध मंदिर है। यहां पर माता काली, मां दुर्गा और साथ में बजरंगबली (बालाजी) भी विराजमान हैं।
इस मंदिर में जनपद के श्रद्धालुओं के अलावा दूसरे जिले के भी भक्त आकर अपनी मनुहार करते हैं। भक्तों की माने तो यहां से कोई भी भक्त सच्ची श्रद्धा और विश्वास से अगर मन्नत लगाता है तो उसकी झोली कभी खाली नहीं जाती है।
विज्ञापन
दर्शन के लिए पहुंचे गाजीपुर के सैदपुर निवासी पूर्व प्रधान तहसीलदार सिंह ने बताया कि हमारे क्षेत्र के बहुत ही ज्यादा भक्त खलीलाबाद के छोटी सरौली में स्थित माता रानी के दरबार में दर्शन के लिए जाते है हम सभी लोग माह के आखिरी शनिवार के दिन हम माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाते है। सारी संकटों से माता रानी हमें और हमारे पूरे परिवार को बचाती है और सारी मनोकामना पूर्ण करती है।
मंदिर की मुख्य पुजारी भगत जान्हवी देवी ने बताया कि मंदिर में साक्षात जगत जननी मां जगदंबा और हनुमान जी (बाला जी सरकार) का वास होता है जो भी भक्त हमारे मंदिर में दर्शन करने आते है। उनके घरों में स्वयं माता वैष्णो काली और बाला जी सरकार का पहरा होता है। हमारे मंदिर में प्रतिदिन दर्शन पूजन के लिए आते है लेकिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को भक्तों की भीड़ ज्यादा होती है, जो भी भक्त मन्नत लगाते है उनकी सारी मनोकामना पूर्ण होती है।