चार करोड़ की लागत से बनकर तैयार है कॉलेज का भवन
सांथा। विकास खंड के लोहरसन गांव में चार करोड़ से अधिक की लागत से बना राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अभी तक हैंडओवर नहीं हो सका है। इसके कारण बेटियों को पढ़ने के लिए दूर जाने की मजबूरी बनी हुई है, हालांकि जिम्मेदार जल्द ही विद्यालय की शुरुआत करने की बात कह रहे हैं।
सांथा ब्लाॅक के लोहरसन में वर्ष 2019-20 में चार करोड़ 18 लाख रुपये से चार मंजिला राजकीय बालिका इंटर काॅलेज बनकर तैयार है। कार्यदायी संस्था वक्फ विकास निगम लिमिटेड लखनऊ ने इसका निर्माण करवाया है। यह राजकीय महिला विद्यालय बिना बच्चों के सूना पड़ा है। अब तक विद्यालय हैंडओवर न किए जाने से उसकी उपयोगिता पर ही सवाल खड़ा होने लगा है।
लोगों का कहना है कि तत्कालीन विधायक राकेश सिंह बघेल के प्रयास से और उनके द्वारा ही उद्घाटन करने के बाद निर्माण शुरू हुआ था। अहमद सुहेल रहमानी, अतीक अहमद अंसारी, बबलू चौधरी समेत आदि ग्रामीणों का कहना है कि उम्मीद थी कि गांव में बालिका इंटर कॉलेज बनने से क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा, लेकिन उम्मीद टूटने लगी है।
स्थानीय निवासियों ने विद्यालय में पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की है।
00000000000000000
जल्द ही निर्माण कराने वाली संस्था और विभाग से बात कर विद्यालय को शुरू कराया जाएगा। इससे क्षेत्र की छात्राओं को पास में ही अच्छी शिक्षा मिल सकेगी।
-संजीव कुमार राय, एसडीएम, मेंहदावल