मेंहदावल। उच्च प्राथमिक विद्यालय जब्बार में तीन शौचालय का निर्माण होना था। निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, लेकिन डेढ़ वर्ष से शौचालय अधूरा पड़ा है। छात्र-छात्राओं तथा अध्यापकों को दिक्कत हो रही है। प्रधानाध्यापक के शिकायत के बाद भी खंड विकास कार्यालय के जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं। जिसको लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है।
मेंहदावल ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय जब्बार में तीन शौचालय का निर्माण होना था। दिव्यांग तथा बालिका एवं छात्रों के लिए शौचालय बनने थे। लगभग आठ लाख रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण कराया जाना था। ठेकेदार काम करा रहा था। अभी विद्यालय 14 जनवरी तक बंद है इसके बाद भी निर्माण कार्य पूरा कराने की जगह जिम्मेदार मौन है। प्रधानाध्यापक राजकुमार ने लिखित रूप से कई बार खंड विकास कार्यालय को शौचालय निर्माण के लिए पत्राचार किया। लगभग डेढ़ वर्ष से शौचालय की दीवार खड़ी है लेकिन निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ।