मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। मेंहदावल ब्लॉक के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं, ताकि निर्धारित समय में विद्यार्थियों को उनका प्रगति पत्र वितरित किया जा सके।
मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय ज्ञान चंद्र मिश्र ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर मूल्यांकन कार्य की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसम्हा, उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर तथा प्राथमिक विद्यालय आमडाँड़ समेत कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि मूल्यांकन कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि 31 मार्च तक सभी बच्चों को उनका प्रगति पत्र उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि मूल्यांकन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बच्चों के शैक्षिक स्तर का सही आकलन सुनिश्चित किया जाए।