राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में मूल्यांकन के लिए पहुंची कॉपियां।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन (30 मार्च) आज से शुरू होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इस बाबत डीआईओएस ने दोनों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण मौर्य ने बताया उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो रहा है। एचआर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की तीन लाख 40 हजार कॉपियों की जांच होगी। जिसके लिए 72 डिप्टी हेड और 990 परीक्षक लगाए गए है।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की दो लाख 84 हजार 251 कॉपियों की जांच होगी। जिसके लिए 40 डिप्टी हेड और 379 परीक्षक लगाए गए हैं। पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर कापियों की जांच में लगे परीक्षकों को सामान्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें यह बताया जाएगा कि कापियों का मूल्यांकन कैसे करें और चार्ट आदि को कैसे बनाएं। मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों के पानी आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।