संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरैया। सरयू का जलस्तर घटने के साथ ही दौलतपुर और रामपुर क्षेत्र में कटान तेज हो गई है। नदी करीब एक किलोमीटर लंबाई में किसानों की बोई हुई फसलों और उपजाऊ जमीन को लगातार अपनी धारा में समेट रही है। कटान को लेकर किसानों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह कटान जारी रहा तो नदी धीरे-धीरे गांवों की ओर बढ़ सकती है। ग्रामीणों के अनुसार नदी अब तक कटान करते हुए करीब 25 मीटर तक गांव की ओर बढ़ चुकी है और कई स्थानों पर अभी भी कटान जारी है।
खेतों में खड़ी फसल और उपजाऊ जमीन नदी में समाने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों ने कटान रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है।
मृत पशुओं से उठ रही दुर्गंध, बढ़ी परेशानी : ढोलबजा और गायघाट के बीच नदी में लगाए गए पार्क्यूपाइन के किनारे तार की जाली लगी होने के कारण कई मृत पशु फंस गए हैं। पानी के बीच फंसे पशुओं के शव सड़ने लगे हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। दुर्गंध के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। शनिवार को ढोलबजा गांव के पास सरयू नदी में स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में नदी में फंसे मृत पशुओं से उठ रही दुर्गंध श्रद्धालुओं के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मृत पशुओं को तत्काल हटाने तथा पार्क्यूपाइन के आसपास सफाई कराने की मांग की है।
स