- डीएम ने लोकसभा चुनाव के लिए राजनैतिक दलों के साथ बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। आचार संहिता का पालन कराने के लिए बृहस्पतिवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। जिसमें राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव आयोग के नियमों से परिचित कराया गया। डीएम ने कहा कि आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही यह भी कहा गया कि मोबाइल फोन पर सी-विजिल एप डाउनलोड कर आचार संहिता के उल्लंघन की कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के मुताबिक आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाना है। हर स्तर पर राजनैतिक दलों, उम्मीदवारों सहित आम नागरिकों की सुविधाओं के लिए कलक्ट्रेट परिसर में एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। इसके लिए नोडल अधिकारी व कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
वहीं एडीएम जय प्रकाश ने कहा कि किसी भी स्तर पर आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर कोई भी नागरिक अथवा पार्टी डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1950 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा कोई भी राजनैतिक दल, प्रतिनिधि अथवा जनपद का कोई भी नागरिक मोबाइल फोन पर सी-विजिल एप डाउनलोड कर आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। बैठक में एसपी सत्यजीत गुप्त, सपा नेता राम दरश यादव, जिला मंत्री भाजपा हैप्पी राय, जिलाध्यक्ष बसपा धर्मदेव प्रियदर्शी, अपना दल से माया गौड़, जिला पंचायत सदस्य सपा राम जी फौजी, जिलाध्यक्ष अपना दल बाबूलाल कन्नौजिया समेत अन्य मौजूद रहे।
00000000000000000
27 उड़न दस्ता टीम का गठन
आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जिले में तीन शिफ्ट में 27 उड़न दस्ता टीम का गठन कर दिया गया है। यह टीम आचार संहिता से संबंधित सभी शिकायतों को पूरी सतर्कता व संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने के साथ-साथ उम्मीदवारों, राजनैतिक दलों से चुनाव व्यय के संबंध में सभी शिकायतों पर ध्यान देना, चुनाव में रिश्वत देने, धमकी देने, शराब व हथियार आदि की आवाजाही और बड़ी मात्रा में कैश की सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करेगी।
0000000000000
सोशल मीडिया पर होगी निगरानी
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सोशल मीडिया पर निगरानी बनाने के लिए अलग से एक नोडल अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। जो विशेष रूप से व्हाट्सएप ऐप, फेसबुक, एक्स व अन्य किसी भी सोशल मीडिया पर आचार संहिता के उल्लंघन अथवा प्रचार-प्रसार पर सतत निगरानी रखेगी और कार्रवाई करेगी।