संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। दुधारा क्षेत्र के पैड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति ने डीएम को शिकायत पत्र देकर दो लोगों के विरुद्ध कब्रिस्तान जाने वाले मुख्य मार्ग पर अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण का आरोप लगाया है।
पैड़ी गांव निवासी फिरोज अहमद पुत्र हकीकुल्लाह ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके गांव में कब्रिस्तान पर जाने के लिए विधायक निधि से सीसी रोड का निर्माण कराया गया था ,जिसपर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और रास्ते को खोदकर उसमें पेड़ पौधा लगा दिया है। घरों का गंदा पानी उसी रास्ते में गड्ढा खोदकर गिराते हैं। शिकायत कर्ता का आरोप है कि गांव में किसी की मृत्यु होने पर कब्रिस्तान तक जाने में काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।