मेंहदावल। नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। हर दिन सड़क पर जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान नहीं चलाने से समस्या गंभीर होती जा रही हे।
मेंहदावल नगर पंचायत का हर क्षेत्र अतिक्रमण की चपेट में है। नगर का अंजाहिया बाजार, ठाकुरद्वारा, सीएचसी तिराहा, नगर पंचायत से नगर वाली मंदिर मार्ग, चौक बाजार, नायक टोला, एसबीआई तिराहा समेत नगर के कई मार्गों पर जबरदस्त अतिक्रमण है। जिस हालात बुरे हो रहे हैं। इन मार्गों पर प्रतिदिन सड़क जाम की समस्या कस्बे के लोगों के साथ ही मुसाफिर भी झेलते हैं।
लेकिन, नगर तथा तहसील प्रशासन अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर सिर्फ खानापूरी करता है। इससे नगर की तस्वीर बिगड़ रही है। स्थानीय निवासी सुनील कुमार, अशोक कुमार गुप्ता, जयचंद पांडेय, सिद्धार्थ पांडेय आदि लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है। लोग जलनिकासी के लिए बनी नालियों पर दीवार खड़ी कर निर्माण करा रखे हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक है। ईओ पंकज कुमार का कहना है कि अतिक्रमण के विरुद्ध कुछ दिन पूर्व अभियान चलाया गया था। सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। फिर भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण की शिकायत संज्ञान में आई है। उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।