- सांथा ब्लॉक के रोजगार सेवकों ने बीडीओ को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। पांच माह से मानदेय न मिलने के कारण नाराज सांथा ब्लॉक के रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और खंड विकास अधिकारी से मिलकर अपनी समस्या व्यक्त की। रोजगार सेवकों ने संयुक्त हस्ताक्षरित एक ज्ञापन भी बीडीओ को सौंपा।
ग्राम पंचायत रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश उपाध्याय के नेतृत्व में रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी सांथा से मिलकर पांच माह से मानदेय ना मिलने और इससे हो रही समस्या के बारे में अवगत कराया। रोजगार सेवकों का कहना था कि होली पर्व आ गया है और मानदेय भुगतान न होने से रोजगार सेवकों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति आ गई है। समय से मानदेय नहीं मिला तो रोजगार सेवकों का होली त्यौहार फीका रह जाएगा। खंड विकास अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि रोजगार सेवकों के मानदेय की समस्या का ज्ञापन उन्हें प्राप्त हुआ है। समस्याओं के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर अश्वनी त्रिपाठी, घनश्याम पांडेय, लाल जी कन्नौजिया, संगम त्रिपाठी, तुलसीराम, धर्मेंद्र कुमार, परमात्मा प्रसाद, आफताब अहमद, सियाराम चौधरी सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।