डीएम के निरीक्षण में गायब मिले कस्तूरबा विद्यालय के कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। डीएम मार्कंडेय शाही ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खलीलाबाद, बघौली का निरीक्षण किया। जहां पर विद्यालय में कमियां मिलने पर संबंधित शिक्षकों का मानदेय रोकने का निर्देश दिया। इसी तरह से बीएसए माया सिंह ने मेंहदावल कस्तूरबा विद्यालय के निरीक्षण में अनुपस्थित तीन शिक्षकों का मानदेय रोका है।
डीएम मार्कंडेय शाही सबसे पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खलीलाबाद पहुंचे। जहां पर लेखाकर अजय तिवारी और शिक्षिका अर्चना श्रीवास्तव अनुपस्थित रहीं। वहीं शिक्षिका सुमन सिंह ने छुट्टी के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन वह स्वीकृत नहीं था। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने अनुपस्थित लेखाकार और शिक्षिका का मानदेय रोकने का निर्देश दिया। विद्यालय के जर्जर भवन को देखा। इसके साथ ही बच्चों से पठन- पाठन के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद डीएम राजकीय अनुसूचितत जाति नेहरू छात्रावास गए। जहां पर परिसर में काफी गंदगी मिली। उसे साफ करने का निर्देश दिया। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौली गए। जहां पर काफी कमियां मिलीं। जिस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए समस्त स्टाॅफ का मानदेय रोकने का निर्देश दिया। इसी तरह से बीएसए माया सिंह ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मेंहदावल के निरीक्षण में तीन शिक्षक अनुपस्थित मिले। तीनों का मानदेय रोक दिया गया है।