संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जाता है। 25 जून से अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत होगी। 30 सितंबर तक चलने वाले अभियान में शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालयों के सभी सेवित गांवों में घर-घर जाकर छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराएंगे। इसमें उनको पंजीकृत विद्यार्थियों की उपस्थिति पर भी जोर दिया जाएगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि 25 जून से दूसरे चरण की शुरुआत होगी, जो कि 30 सितंबर तक चलेगा। विभाग की ओर से ऐसे बच्चों को चिह्नित किया जा रहा है, जो किसी कारणवश स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। अभियान के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाएं घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी बीईओ और शिक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए है। जिले को इस बार मिले नामांकन लक्ष्य के अनुरूप नामांकन की संख्या को हर हाल में बढ़ाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी। हर शिक्षकों को अपना अपना रिकाॅर्ड देना होगा कि उन्होंने अपने स्तर से कितना नामांकन बढ़ाया है। उन्होंने बाया कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र पंजीकरण संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जाता है। नवीन शैक्षिक सत्र में एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक अभियान का पहला चरण संपन्न हुआ था।