संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को अपर जनपद न्यायाधीश-पॉस्को एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार पंचम की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय सभागार में बैठक हुई। इसमें 13 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वह अपने-अपने विभाग एवं कार्यालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर ज्यादा से ज्यादा वादों एवं मामलों का निस्तारण करवाने का प्रयास करें।कलक्ट्रेट से प्रभारी अधिकारी अपर एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। ज्यादा से ज्यादा वादों एवं मामलों के निस्तारण के लिए प्रयास किया जा रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार ने बताया कि न्यायालय से प्राप्त हो रहे नोटिसों को तामिला करवाया जा रहा है। समस्त थानों के पैरोकारों को ज्यादा से ज्यादा नोटिस तामिला करवाने के लिए निर्देशित किया गया है। अपर जिला जज एवं सचिव देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि आगामी 13 दिसम्बर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी पूरे मनोयोग से लग जाएं।
इस दौरान एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, प्रभारी सीएमओ डॉ. राम रतन, इंद्रभान सोनकर, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मेंहदावल प्रेम नारायण, बांट माप अधिकारी आरवी वर्मा आदि उपस्थित रहे।